Janta 24X7 News

Jul 06, 2026 janta24x7news

Ram Mandir Trust Meeting: स्वामी देवकीनंदन महाराज ने बैठक के लाइव टेलीकास्ट की मांग की, ट्रस्ट भंग करने की भी उठाई मांग

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक से पहले स्वामी देवकीनंदन महाराज ने बैठक का लाइव टेलीकास्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता जरूरी है। साथ ही उन्होंने ट्रस्ट को भंग करने और नए सिरे से व्यवस्था बनाने की मांग भी उठाई।

Ram Mandir Trust Meeting: स्वामी देवकीनंदन महाराज ने बैठक के लाइव टेलीकास्ट की मांग की, ट्रस्ट भंग करने की भी उठाई मांग
अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावा चोरी मामले को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच सोमवार को होने वाली श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक से पहले संत समाज की ओर से नई मांगें सामने आई हैं। कथावाचक और संत स्वामी देवकीनंदन महाराज ने ट्रस्ट की बैठक का लाइव टेलीकास्ट किए जाने की मांग की है।

स्वामी देवकीनंदन महाराज का कहना है कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे में चढ़ावा चोरी जैसे गंभीर मामले पर होने वाली ट्रस्ट की बैठक पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि बैठक का सीधा प्रसारण किया जाएगा तो देश-विदेश के राम भक्त स्वयं देख सकेंगे कि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई और ट्रस्ट के सदस्यों ने क्या रुख अपनाया।

उन्होंने कहा कि इस पूरे विवाद से राम भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसलिए ट्रस्ट को श्रद्धालुओं के प्रति जवाबदेह होना चाहिए और बैठक की कार्यवाही सार्वजनिक करने पर विचार करना चाहिए।

स्वामी देवकीनंदन महाराज ने ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नैतिक आधार पर ट्रस्ट अपनी विश्वसनीयता खो चुका है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर इसकी जिम्मेदारी चारों पीठों के शंकराचार्यों को सौंपी जाए। इसके साथ ही उन्होंने ट्रस्ट के सभी सदस्यों से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की अपील की।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की भी मांग की।

उधर, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक को लेकर भी काफी चर्चा है। बैठक में चढ़ावा चोरी प्रकरण, ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और अन्य प्रशासनिक विषयों पर विचार किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि बैठक में किन मुद्दों पर अंतिम निर्णय होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी बैठक के बाद ही सामने आएगी।
Author - Janta24x7news
Credit - Janta24x7news

Latest News

Janta24x7news
Janta24x7news May 18, 2026

Advertisement

Get In Touch

Office no 11, Bhopal House Lalbagh, Hazratganj, Lucknow 226001

+91 8114000370

info@janta24x7news.in

Follow Us

© Janta 24X7 News. All Rights Reserved. Powered by RBSC Associates