Janta 24X7 News

Jul 07, 2026 janta24x7news

Syria Serial Blast: दमिश्क में सिलसिलेवार धमाके, राष्ट्रपति मैक्रों के होटल के बाहर भी विस्फोट, 18 घायल

सीरिया की राजधानी दमिश्क में मंगलवार को एक के बाद एक कई धमाके हुए। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के दौरे के दौरान उनके होटल के बाहर भी विस्फोट हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 18 लोग घायल हुए हैं, जबकि मैक्रों सुरक्षित बताए गए हैं।

Syria Serial Blast: दमिश्क में सिलसिलेवार धमाके, राष्ट्रपति मैक्रों के होटल के बाहर भी विस्फोट, 18 घायल
सीरिया की राजधानी दमिश्क मंगलवार को सिलसिलेवार धमाकों से दहल उठी। ये विस्फोट ऐसे समय हुए जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आधिकारिक दौरे पर सीरिया में मौजूद हैं। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, राष्ट्रपति मैक्रों के होटल के बाहर भी एक विस्फोट हुआ, जबकि अन्य धमाके राजधानी के व्यस्त इलाकों में हुए। राहत की बात यह है कि फ्रांसीसी राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित हैं।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, धमाके उस समय हुए जब राष्ट्रपति मैक्रों सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। बताया गया है कि पहला विस्फोट उनके काफिले के राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होने के कुछ समय बाद हुआ। इसके बाद कुछ ही दूरी पर दूसरा धमाका भी हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के बाद घटनास्थल से आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं और आसमान में धुएं का घना गुबार छा गया। दूसरा धमाका एक एम्बुलेंस के नजदीक हुआ, जहां उस समय कई लोग मौजूद थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन धमाकों में कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल बताए जा रहे हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सुरक्षित हैं। कार्यालय के मुताबिक, धमाकों के बावजूद उनका आधिकारिक कार्यक्रम जारी रहा और उन्होंने सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से निर्धारित मुलाकात की। बताया गया कि मैक्रों ने विस्फोटों की आवाज भी नहीं सुनी और उनकी सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, धमाके दमिश्क के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक नेशनल म्यूजियम ऑफ दमिश्क और पर्यटन मंत्रालय के आसपास हुए। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किसी संगठन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

गौरतलब है कि इससे पहले 2 जुलाई को भी दमिश्क के एक कैफे में बम धमाका हुआ था, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और करीब 20 लोग घायल हुए थे। ताजा सिलसिलेवार धमाकों ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीरिया में लंबे समय तक चले संघर्ष के बाद राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के नेतृत्व में देश में स्थिरता बहाल करने की कोशिशें जारी हैं। ऐसे समय में विदेशी राष्ट्राध्यक्ष के दौरे के दौरान हुए ये धमाके सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती माने जा रहे हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां विस्फोटों के कारणों और हमलावरों की पहचान करने में जुटी हैं।
Author - Janta24x7news
Credit - Janta24x7news

Latest News

Janta24x7news
Janta24x7news May 18, 2026

Advertisement

Get In Touch

Office no 11, Bhopal House Lalbagh, Hazratganj, Lucknow 226001

+91 8114000370

info@janta24x7news.in

Follow Us

© Janta 24X7 News. All Rights Reserved. Powered by RBSC Associates